सुभद्रा कुमारी चौहान की जयंती पर विशेष आलेख

 बुंदेले हरबोलों के मुँह, हमने सुनी कहानी थी। ख़ूब लड़ी मरदानी वह तो झाँसी वाली रानी थी। इन ओज की पंक्तियों के माध्यम से झांसी की रानी लक्ष्मीबाई के बलिदान को अमर कर देने वाली सुभद्राकुमारी चौहान की आज जन्मतिथि है। उनका काव्य राष्ट्रभक्ति के साथ साथ पंथनिरपेक्षता, सर्वधर्मसमभाव और भारतीय संस्कृति की सर्वसमावेशी प्रवृत्ति की अनूठी मिसाल है, झांसी की रानी की वीरता का बखान करते हुए वे कहती हैं-

सिंहासन हिल उठे राजवंशों ने भृकुटी तानी थी,

बूढ़े भारत में आई फिर से नयी जवानी थी,

गुमी हुई आज़ादी की कीमत सबने पहचानी थी,

दूर फिरंगी को करने की सबने मन में ठानी थी।

चमक उठी सन सत्तावन में, वह तलवार पुरानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

कानपूर के नाना की, मुँहबोली बहन छबीली थी,

लक्ष्मीबाई नाम, पिता की वह संतान अकेली थी,

नाना के सँग पढ़ती थी वह, नाना के सँग खेली थी,

बरछी ढाल, कृपाण, कटारी उसकी यही सहेली थी।

वीर शिवाजी की गाथायें उसकी याद ज़बानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

लक्ष्मी थी या दुर्गा थी वह स्वयं वीरता की अवतार,

देख मराठे पुलकित होते उसकी तलवारों के वार,

नकली युद्ध-व्यूह की रचना और खेलना खूब शिकार,

सैन्य घेरना, दुर्ग तोड़ना ये थे उसके प्रिय खिलवार।

महाराष्टर-कुल-देवी उसकी भी आराध्य भवानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

हुई वीरता की वैभव के साथ सगाई झाँसी में,

ब्याह हुआ रानी बन आई लक्ष्मीबाई झाँसी में,

राजमहल में बजी बधाई खुशियाँ छाई झाँसी में,

चित्रा ने अर्जुन को पाया, शिव से मिली भवानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

उदित हुआ सौभाग्य, मुदित महलों में उजियाली छाई,

किंतु कालगति चुपके-चुपके काली घटा घेर लाई,

तीर चलाने वाले कर में उसे चूड़ियाँ कब भाई,

रानी विधवा हुई, हाय! विधि को भी नहीं दया आई।

निसंतान मरे राजाजी रानी शोक-समानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

बुझा दीप झाँसी का तब डलहौज़ी मन में हरषाया,

राज्य हड़प करने का उसने यह अच्छा अवसर पाया,

फ़ौरन फौजें भेज दुर्ग पर अपना झंडा फहराया,

लावारिस का वारिस बनकर ब्रिटिश राज्य झाँसी आया।

अश्रुपूर्णा रानी ने देखा झाँसी हुई बिरानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

अनुनय विनय नहीं सुनती है, विकट शासकों की माया,

व्यापारी बन दया चाहता था जब यह भारत आया,

डलहौज़ी ने पैर पसारे, अब तो पलट गई काया,

राजाओं नव्वाबों को भी उसने पैरों ठुकराया।

रानी दासी बनी, बनी यह दासी अब महरानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

छिनी राजधानी दिल्ली की, लखनऊ छीना बातों-बात,

कैद पेशवा था बिठुर में, हुआ नागपुर का भी घात,

उदैपुर, तंजौर, सतारा, करनाटक की कौन बिसात?

जबकि सिंध, पंजाब ब्रह्म पर अभी हुआ था वज्र-निपात।

बंगाले, मद्रास आदि की भी तो वही कहानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

रानी रोयीं रिनवासों में, बेगम ग़म से थीं बेज़ार,

उनके गहने कपड़े बिकते थे कलकत्ते के बाज़ार,

सरे आम नीलाम छापते थे अंग्रेज़ों के अखबार,

'नागपूर के ज़ेवर ले लो लखनऊ के लो नौलख हार'।

यों परदे की इज़्ज़त परदेशी के हाथ बिकानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।

कुटियों में भी विषम वेदना, महलों में आहत अपमान,

वीर सैनिकों के मन में था अपने पुरखों का अभिमान,

नाना धुंधूपंत पेशवा जुटा रहा था सब सामान,

बहिन छबीली ने रण-चण्डी का कर दिया प्रकट आहवान।

हुआ यज्ञ प्रारम्भ उन्हें तो सोई ज्योति जगानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

महलों ने दी आग, झोंपड़ी ने ज्वाला सुलगाई थी,

यह स्वतंत्रता की चिनगारी अंतरतम से आई थी,

झाँसी चेती, दिल्ली चेती, लखनऊ लपटें छाई थी,

मेरठ, कानपूर, पटना ने भारी धूम मचाई थी,

जबलपूर, कोल्हापूर में भी कुछ हलचल उकसानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

इस स्वतंत्रता महायज्ञ में कई वीरवर आए काम,

नाना धुंधूपंत, ताँतिया, चतुर अज़ीमुल्ला सरनाम,

अहमदशाह मौलवी, ठाकुर कुँवरसिंह सैनिक अभिराम,

भारत के इतिहास गगन में अमर रहेंगे जिनके नाम।

लेकिन आज जुर्म कहलाती उनकी जो कुरबानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

इनकी गाथा छोड़, चले हम झाँसी के मैदानों में,

जहाँ खड़ी है लक्ष्मीबाई मर्द बनी मर्दानों में,

लेफ्टिनेंट वाकर आ पहुँचा, आगे बड़ा जवानों में,

रानी ने तलवार खींच ली, हुया द्वन्द्ध असमानों में।

ज़ख्मी होकर वाकर भागा, उसे अजब हैरानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

रानी बढ़ी कालपी आई, कर सौ मील निरंतर पार,

घोड़ा थक कर गिरा भूमि पर गया स्वर्ग तत्काल सिधार,

यमुना तट पर अंग्रेज़ों ने फिर खाई रानी से हार,

विजयी रानी आगे चल दी, किया ग्वालियर पर अधिकार।

अंग्रेज़ों के मित्र सिंधिया ने छोड़ी रजधानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

विजय मिली, पर अंग्रेज़ों की फिर सेना घिर आई थी,

अबके जनरल स्मिथ सम्मुख था, उसने मुहँ की खाई थी,

काना और मंदरा सखियाँ रानी के संग आई थी,

युद्ध श्रेत्र में उन दोनों ने भारी मार मचाई थी।

पर पीछे ह्यूरोज़ आ गया, हाय! घिरी अब रानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

तो भी रानी मार काट कर चलती बनी सैन्य के पार,

किन्तु सामने नाला आया, था वह संकट विषम अपार,

घोड़ा अड़ा, नया घोड़ा था, इतने में आ गये अवार,

रानी एक, शत्रु बहुतेरे, होने लगे वार-पर-वार।

घायल होकर गिरी सिंहनी उसे वीर गति पानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

रानी गई सिधार चिता अब उसकी दिव्य सवारी थी,

मिला तेज से तेज, तेज की वह सच्ची अधिकारी थी,

अभी उम्र कुल तेइस की थी, मनुज नहीं अवतारी थी,

हमको जीवित करने आयी बन स्वतंत्रता-नारी थी,

दिखा गई पथ, सिखा गई हमको जो सीख सिखानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।।

जाओ रानी याद रखेंगे ये कृतज्ञ भारतवासी,

यह तेरा बलिदान जगावेगा स्वतंत्रता अविनासी,

होवे चुप इतिहास, लगे सच्चाई को चाहे फाँसी,

हो मदमाती विजय, मिटा दे गोलों से चाहे झाँसी।

तेरा स्मारक तू ही होगी, तू खुद अमिट निशानी थी,

बुंदेले हरबोलों के मुँह हमने सुनी कहानी थी,

खूब लड़ी मर्दानी वह तो झाँसी वाली रानी थी।

उनका मन बालिका वात्सल्य वर्णन में भी रमा है, जिसका सर्वदा अभाव हिन्दी साहित्य में मिलता है। वे अपनी सुपुत्री के लिए लिखती हैं -

तुम कहते हो - मुझको इसका रोना नहीं सुहाता है |

मैं कहती हूँ - इस रोने से अनुपम सुख छा जाता है ||

सच कहती हूँ, इस रोने की छवि को जरा निहारोगे |

बड़ी-बड़ी आँसू की बूँदों पर मुक्तावली वारोगे || 1 ||

ये नन्हे से होंठ और यह लम्बी-सी सिसकी देखो |

यह छोटा सा गला और यह गहरी-सी हिचकी देखो ||

कैसी करुणा-जनक दृष्टि है, हृदय उमड़ कर आया है |

छिपे हुए आत्मीय भाव को यह उभार कर लाया है || 2 ||

हँसी बाहरी, चहल-पहल को ही बहुधा दरसाती है |

पर रोने में अंतर तम तक की हलचल मच जाती है ||

जिससे सोई हुई आत्मा जागती है, अकुलाती है |

छुटे हुए किसी साथी को अपने पास बुलाती है || 3 ||

मैं सुनती हूँ कोई मेरा मुझको अहा ! बुलाता है |

जिसकी करुणापूर्ण चीख से मेरा केवल नाता है ||

मेरे ऊपर वह निर्भर है खाने, पीने, सोने में |

जीवन की प्रत्येक क्रिया में, हँसने में ज्यों रोने में || 4 ||

मैं हूँ उसकी प्रकृति संगिनी उसकी जन्म-प्रदाता हूँ |

वह मेरी प्यारी बिटिया है मैं ही उसकी प्यारी माता हूँ ||

तुमको सुन कर चिढ़ आती है मुझ को होता है अभिमान |

जैसे भक्तों की पुकार सुन गर्वित होते हैं भगवान || 5 ||

भारत की विशेषताओं को परिलक्षित करते हुए वे कहती हैं -

मेरा मंदिर, मेरी मस्जिद, काबा-काशी यह मेरी

पूजा-पाठ, ध्यान जप-तप है घट-घट वासी यह मेरी।

कृष्णचंद्र की क्रीड़ाओं को, अपने आँगन में देखो।

कौशल्या के मातृमोद को, अपने ही मन में लेखो।

प्रभु ईसा की क्षमाशीलता, नबी मुहम्मद का विश्वास

जीव दया जिन पर गौतम की, आओ देखो इसके पास।

जलियांवाला बाग़ के नृशंस नरसंहार की निशानियों को देखकर उनका कवि मन तड़पकर बोल उठा था- 

परिमलहीन पराग दाग़-सा बना पड़ा है

हा! यह प्यारा बाग़ ख़ून से सना पड़ा है।

आओ प्रिय ऋतुराज! किंतु धीरे से आना

यह है शोक स्थान यहाँ मत शोर मचाना।

कोमल बालक मरे यहाँ गोली खा-खाकर

कलियाँ उनके लिए गिराना थोड़ी लाकर।

वे स्वाधीनता  के लिए स्त्रियों का आह्वान करते हुए कहती हैं- 

सबल पुरुष यदि भीरु बनें, तो हमको दे वरदान सखी। 

अबलाएँ उठ पड़ें देश में, करें युद्ध घमासान सखी। 

पंद्रह कोटि असहयोगिनियाँ, दहला दें ब्रह्मांड सखी। 

भारत लक्ष्मी लौटाने को , रच दें लंका काण्ड सखी।।

राष्ट्रभाषा हिंदी के प्रति असीम अनुराग प्रकट करते हुए वे कहती हैं- 

उस हिन्दू जन की गरविनी

हिन्दी प्यारी हिन्दी का

प्यारे भारतवर्ष कृष्ण की

उस प्यारी कालिन्दी का

है उसका ही समारोह यह

उसका ही उत्सव प्यारा

मैं आश्चर्य भरी आंखों से

देख रही हूँ यह सारा

जिस प्रकार कंगाल बालिका

अपनी माँ धनहीता को

टुकड़ों की मोहताज़ आज तक

दुखिनी की उस दीना को

उन्हें कोटि कोटि नमन।

अपनी मृत्यु के बारे में सुभद्रा कुमारी चौहान ने एक बार कहा था, "मेरे मन में तो मरने के बाद भी धरती छोड़ने की कल्पना नहीं है. मैं चाहती हूं, मेरी एक समाधि हो, जिसके चारों तरफ मेला लगा हो, बच्चे खेल रहें हो, स्त्रियां गा रही हो और खूब शोर हो रहा हो." दो वर्ष पूर्व 16 अगस्त 2021 को गूगल ने उनके सम्मान में डूडल जारी किया था।

सुभद्राकुमारी चौहान को झांसी में उनकी काव्यात्मक प्रतिभा को सम्मानित करने हेतु आमंत्रित किया गया था, उस सम्मान समारोह में उन्होंने जो कविता पढ़ी थी, वह उनकी राष्ट्र और साहित्य के प्रति अदम्य लालसा तथा विनम्रता और झांसी के प्रति उनके मन मे विद्यमान सम्मान का शाश्वत प्रतीक है -

सहसा हुई पुकार मातृमन्दिर में मुझे बुलाया क्यों?

जान-बूझकर सोयी थी फिर जननी मुझे जगाया क्यों?

इस बुन्देलों की झांसी में शस्त्रों बिना तार कैसा? 

देशप्रेम की मतवाली को जननी पुरस्कार कैसा? 

क्षत्राणी हूं, सुख पाने दे अरुणामृत की धारों से, 

बनने दे इतिहास देश का पानी चढ़े दुधारों से। 

जरा सुलग जाने दे चारों दिशि कुरबानी की आगी, 

अरी बेतवा, दिखा समर में तेरे पानी की आगी। 

हर पत्थर पर लिखा जहां बलिदान लक्ष्मीबाई का, 

कौन मूल्य है वहां सुभद्रा की कविता चतुराई का।

अमर कवयित्री सुभद्रा कुमारी चौहान के श्री चरणों में शत शत नमन।


 प्रो. पुनीत बिसारिया 

Comments

Popular posts from this blog

नवीन संकल्पनाओं और वैज्ञानिकता के पक्ष में मुखरित आवाज़ों के प्रबल प्रवक्ता आर्यभट्ट

'कलाम को सलाम' कविता संग्रह में मेरे द्वारा लिखित दो शब्द

साहित्येतिहास के काल विभाजन के नामकरण का एक लघु प्रयास